वाराणसी। राष्ट्रीय बंग समाज के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य के नेतृत्व में बंग समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को सर सुंदरलाल अस्पताल में लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे वरिष्ठ चिकित्सक एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. टीके लाहिरी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से जग्गनाथ घोष, रवि पाल, हरि प्रसन्न लाहिरी, पलाश बापी तथा डॉ. लाहिरी के वाराणसी निवासी नजदीकी रिश्तेदार सिद्धार्थ चक्रवर्ती शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल को सर सुंदरलाल अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. पुनीत कुमार ने डॉ. टीके लाहिरी के उपचार से संबंधित तथ्यों और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की विस्तार से जानकारी दी। मेडिकल सुपरिटेंडेंट द्वारा दी गई जानकारी से प्रतिनिधिमंडल संतुष्ट नजर आया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. टीके लाहिरी से काफी देर तक बातचीत की। इस दौरान उनके रिश्तेदार सिद्धार्थ चक्रवर्ती से बातचीत करते हुए डॉ. लाहिरी ने जीवन की पुरानी स्मृतियों को याद किया और प्रसन्नता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बताया गया कि वाराणसी में रहने वाले उनके रिश्तेदार सिद्धार्थ चक्रवर्ती, जग्गनाथ घोष, मानिक दास सहित बंग समाज के कई लोग जनवरी से ही लगातार डॉ. लाहिरी से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे हैं।
मुलाकात के दौरान डॉ. टीके लाहिरी ने सभी को आशीर्वाद दिया और बताया कि अब उनका स्वास्थ्य पहले की अपेक्षा काफी बेहतर है। सिद्धार्थ चक्रवर्ती द्वारा उन्हें अपने घर चलने का आग्रह किए जाने पर डॉ. लाहिरी ने अस्पताल में ही रहने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन इसी अस्पताल में मरीजों की सेवा के लिए समर्पित किया है और अंतिम समय तक यहीं रहना चाहते हैं।
डॉ. लाहिरी अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ की सेवाओं से भी संतुष्ट दिखाई दिए। काफी देर तक बातचीत के बाद वे स्वयं खड़े होकर पैदल स्नान के लिए चले गए। इस दौरान अस्पताल का स्टाफ भी उनके साथ मौजूद रहा।
राष्ट्रीय बंग समाज की ओर से कहा गया कि डॉ. टीके लाहिरी के स्वास्थ्य की जानकारी लगातार ली जाती रहेगी और समाज का कोई न कोई प्रतिनिधि नियमित रूप से उनसे मुलाकात करता रहेगा।