वाराणसी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार देर शाम सिगरा क्षेत्र के चंद्रिका नगर कॉलोनी पार्क और जयप्रकाश नगर तालाब के पास स्थित नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लो-लैंड एरिया में जल जमाव, सीवर ओवरफ्लो और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जल जमाव और सीवर ओवरफ्लो की स्थिति को लेकर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और सीवर जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने गली पीट सीवर चैंबर की नियमित रूप से सफाई कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चैंबर में कचरा जमा न होने पाए और लगातार सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या को नियंत्रित किया जा सके।
जयप्रकाश नगर तिराहा नाले के पास निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से पशुपालन किए जाने और गोबर इधर-उधर फेंककर गंदगी फैलाने का मामला सामने आया।
नगर आयुक्त ने ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध रूप से रखे गए पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद सिंधु सोनकर, सफाई निरीक्षक, सिविल अवर अभियंता, जलकल अवर अभियंता और जोनल स्वच्छता अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को क्षेत्र की सफाई, जल निकासी और सीवर व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने तथा स्थानीय समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।