सोनभद्र। स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल, चुर्क शाखा परिसर में बुधवार, 9 सितंबर 2026 को अंतरविद्यालयीय विज्ञान और गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की पांचों शाखाओं से चार-चार विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में चुर्क शाखा ने जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक एवं सचिव बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने स्वामी जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य ए.के. वर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
जूनियर वर्ग में चुर्क शाखा के प्रिंस मौर्या, अदिति गुप्ता, आर्यन और आयुषी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। घोरावल शाखा की अनन्या जायसवाल, आस्था, आराध्या चौबे और साक्षी ने दूसरा स्थान हासिल किया।
गढ़वाघाट शाखा के संग्राम पाण्डेय, आयान कुमार, राजनंदनी और श्रेया कुमारी तीसरे स्थान पर रहे। वहीं बनपुरवा और जगतगंज शाखा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
सीनियर वर्ग में चुर्क शाखा के निशांत मौर्या, शुभम, प्रियांसी मौर्या और आर्या रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। घोरावल शाखा के अस्मा, सुप्रिया, आयुष शुक्ला और रिशि पाण्डेय दूसरे स्थान पर रहे।
गढ़वाघाट शाखा के गौरव यादव, प्रियांशु यादव, श्रेया सिंह और श्रुति सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। बनपुरवा और जगतगंज शाखा को इस वर्ग में भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
विद्यालय के सचिव एवं प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा का निखार होता है। इससे विद्यार्थी किसी भी विषय पर निडर होकर अपने ज्ञान को व्यक्त करने में सक्षम बनते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन पवित्रता और ऊर्जा को सही दिशा में अपनाने वाला विद्यार्थी ही सफलता और निरंतर प्रगति प्राप्त करता है।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रधानाचार्य ए.के. वर्मा ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई और आशीर्वाद दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन, जीवन का सर्वश्रेष्ठ समय होता है। परिश्रम और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ध्रुव तारा आकाश में अपनी अलग पहचान रखता है, उसी प्रकार स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल के बच्चे भी भविष्य में अपनी अलग पहचान बनाकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।
कार्यक्रम में क्विज मास्टर संतोष विश्वकर्मा के साथ निर्णायक मंडल के सदस्य सुभाष यादव (गढ़वाघाट शाखा), डी. लाल (बनपुरवा शाखा), अमित तिवारी (जगतगंज शाखा), मुनीराज (घोरावल शाखा) और आर.के. दूबे (चुर्क शाखा) उपस्थित रहे।
मुख्य स्कोरर सहित अन्य शिक्षकों में आलोक तिवारी, सुप्रिया मौर्या, प्रांजली सिंह, सुधांशू शुक्ला, चंचला मिश्रा, अंजना पाण्डेय और ओ.पी. यादव समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन फरहीन सिद्धीकी ने किया।