वाराणसी। बीएचयू में नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी करने के मामले में सिगरा पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी की थी।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज तथा प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चन्द्रमणि शर्मा (32) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चन्द्रमणि शर्मा पुत्र विंध्याचल शर्मा, निवासी त्रिदेव नगर कॉलोनी, सरायनंदन, थाना भेलूपुर, वाराणसी तथा हाल पता आनंद नगर, कंदवा-चितईपुर, थाना मंडुवाडीह, वाराणसी का रहने वाला है। उसे 8 सितंबर 2026 को सी-14/160 डीपी सोनिया रोड स्थित कार्यालय, थाना सिगरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के खिलाफ थाना सिगरा में मु0अ0सं0-0338/2026, धारा 318(4), 352, 336(3), 338 और 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सिगरा शिवाकान्त मिश्र, उपनिरीक्षक विवेक सिंह, मुख्य आरक्षी कृपा सिंधु भारती और आरक्षी उमेश यादव शामिल रहे।