वाराणसी। वंदेमातरम् राष्ट्रीय गीत दिवस के अवसर पर रविवार को हिंदू युवा वाहिनी और त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन की ओर से मैदागिन स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में ‘एक शाम देश के महान क्रांतिकारियों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण और स्वस्तिवाचन के साथ हुआ। स्वस्तिवाचन सोनू बाबा काशी वाले ने किया। इसके बाद ज्योति मौर्या एवं उनकी टीम ने गणेश वंदना और वंदेमातरम् गीत की प्रस्तुति दी। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रंजन सिंह, असिस्टेंट कमांडेंट, सीआरपीएफ वाराणसी रहे। विशिष्ट अतिथि महंत रामनाथ जी महाराज, गोरखनाथ मठ मैदागिन ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों का मंच पर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि रंजन सिंह ने कहा कि देश सेवा के लिए सेना या पुलिस में जाना ही जरूरी नहीं है। यदि कोई व्यक्ति इन सेवाओं में नहीं जा सकता तो संगठन बनाकर समाज सेवा के माध्यम से भी देश के लिए योगदान दे सकता है।
हिंदू युवा वाहिनी वाराणसी मंडल प्रभारी एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला ने कहा कि देश के शहीदों को कभी भुलाया नहीं जाना चाहिए। इसी उद्देश्य से हर वर्ष यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, ताकि शहीदों और उनके परिवारों को सम्मान देने का अवसर मिल सके।
उन्होंने 7 सितंबर को राष्ट्रीय गीत दिवस घोषित किए जाने की मांग भी उठाई।
कार्यक्रम के दौरान पूजा राय ने वंदेमातरम् पर आधारित प्रेरणादायी नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं अदिति चौधरी की देशभक्ति प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। कारगिल योद्धा अजय सिंह को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर मयंक पटेल ने देशभक्ति गीतों पर सामूहिक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन हिंदू युवा वाहिनी महानगर अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम में हिंदू युवा वाहिनी के निवर्तमान जिला संयोजक सुनील सिंह, निवर्तमान जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह (आशु), जिला उपाध्यक्ष अभिषेक गौतम, महानगर प्रभारी मनीष मिश्रा, महानगर संयोजक सुनील कुशवाहा, महानगर उपाध्यक्ष सन्नी गुप्ता, ओमप्रकाश जायसवाल, विनय चौरसिया, महानगर प्रचार-प्रसार मंत्री उमेश सिंह, रुद्र पाण्डेय, अभिषेक श्रीवास्तव, मनीष वर्मा, दिनेश अग्रहरि, मीडिया प्रभारी अश्वनी गुप्ता, गप्पू सिंह, कार्यसमिति सदस्य विकाश जैन, शेखर सिंह सहित 12 मंडल इकाइयों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा महानगर उद्योग व्यापार समिति के रजनीश कन्नौजिया, पार्षद मनीष गुप्ता, पार्षद श्रवण गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष किसान मोर्चा विश्वास जायसवाल समेत विभिन्न व्यापार मंडलों से जुड़े व्यापारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।