चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर गांव में रविवार दोपहर हैंडपंप ठीक करने के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक मिस्त्री की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार मोहम्मपुर निवासी हैंडपंप मिस्त्री पिंटू अपने साथी दिल मोहम्मद के साथ प्रीतमपुर गांव में हैंडपंप की मरम्मत कर रहे थे। इस दौरान हैंडपंप मालिक रामकृष्ण मौर्य और उनके बेटे रमेश भी मौके पर मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि हैंडपंप से पाइप निकालते समय पाइप ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। पाइप में करंट उतरने के बाद वहां मौजूद चारों लोग बिजली की चपेट में आ गए और झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे में हैंडपंप मिस्त्री पिंटू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि आबादी वाले इलाके से गुजर रहे हाईटेंशन तार को हटाने की मांग कई बार बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।
ग्रामीणों ने हादसे के लिए बिजली विभाग की कथित लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सीओ सदर जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से घटना की जांच की जा रही है।