माहेश्वरी समाज, वाराणसी के तत्वावधान में रविवार को महमूरगंज स्थित माहेश्वरी भवन में शिक्षक एवं विशेष सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह की थीम ‘ज्ञान के दीपक, संस्कारों के आधार’ रही। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज से जुड़े करीब 30 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही भाजपा के नवनियुक्त काशी क्षेत्र के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवरतन राठी का भी विशेष अभिनंदन किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि डालिम्स सनबीम ग्रुप की डायरेक्टर श्रीमती पूजा मधोक ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज की असली पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि भारत की गुरु-शिष्य परंपरा सदियों से ज्ञान और संस्कारों की आधारशिला रही है। यही परंपरा भारत को विश्वगुरु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका केवल शिक्षा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के नवनियुक्त काशी क्षेत्र के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवरतन राठी का माहेश्वरी समाज की ओर से विशेष सम्मान किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।
सम्मान से अभिभूत नवरतन राठी ने कहा कि माहेश्वरी समाज की ओर से मिले प्यार और सम्मान के लिए वह हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक का स्थान समाज में सबसे ऊंचा है। संगठन द्वारा दी गई नई जिम्मेदारी में समाज और शिक्षा के क्षेत्र को साथ लेकर काशी के विकास में योगदान देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा है।
समारोह में माहेश्वरी समाज से जुड़े शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे करीब 30 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. आकृति राठी, मोहनिका माहेश्वरी, गीतिका मल्ल, दीपक जाजू, लव कौशिक, श्रुति सोमानी और शशि राठी सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
आयोजकों ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान समाज में ज्ञान, संस्कार और शिक्षा के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को शिक्षा और संस्कारों के महत्व से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
माहेश्वरी समाज के प्रचार मंत्री गौरव राठी ने कहा कि यह समारोह समाज के लिए दोहरी खुशी का अवसर रहा। एक ओर समाज ने अपने गुरुजनों का सम्मान किया, वहीं दूसरी ओर नवरतन राठी को भाजपा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर उनका विशेष अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दीपक माहेश्वरी ने की। समारोह का संचालन संयोजक डॉ. विजय काबरा एवं श्रीमती प्रीति मंत्री ने किया। धन्यवाद ज्ञापन राकेश कचोलिया ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत गौरव राठी ने किया।
समारोह में श्रीराम माहेश्वरी, गौरी शंकर नेवर, लोकेंद्र करवा, रेखा सोमानी, कृष्ण कुमार काबरा, संजीव चांडक, भंवर लाल राठी, कृष्णा सोमानी, लक्ष्मी लड्ढा, पूजा चांडक, बालकिशन असावा और प्रतीक मुंद्डा सहित माहेश्वरी समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा श्री महेश सेवा संस्थान, माहेश्वरी महिला संगठन और माहेश्वरी क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित सैकड़ों समाज बंधुओं ने समारोह में सहभागिता की।