MENU

नीलकंठपुरम कॉलोनी में आज से सक्शन मशीन से होगी जल निकासी, 15 दिन में आवागमन सुचारु होने की उम्मीद



 07/Sep/26

कंदवा के वार्ड-19 में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं, मुख्य मार्ग के बाद कॉलोनी में भी शुरू होगा अभियान

 कंदवा के वार्ड संख्या-19 स्थित नीलकंठपुरम कॉलोनी में जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से सक्शन मशीन के माध्यम से जल निकासी का कार्य शुरू किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि क्षेत्र में सीवर और जल निकासी की समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा आसपास कोई खाली पोखरी अथवा नाला भी नहीं है, जहां डी-वॉटरिंग पंप स्थापित कर वर्षा जल की निकासी कराई जा सके।

ऐसी स्थिति में वर्षा जल की निकासी के लिए जलकल विभाग की सक्शन मशीन का उपयोग किया जा रहा है। वर्तमान में मुख्य मार्ग से सक्शन मशीन के जरिए पानी निकालने का कार्य जारी है। इसके बाद रविवार से नीलकंठपुरम कॉलोनी में भी जल निकासी का कार्य शुरू कराया जाएगा।

अपर नगर आयुक्त के अनुसार, कॉलोनी में जल निकासी का कार्य पूरा होने में लगभग 15 दिन का समय लगने की संभावना है। कार्य पूरा होने के बाद संबंधित मार्गों को आवागमन के लिए सुचारु किया जाएगा।

सुसुवाही में भी पंपिंग मशीन से जल निकासी

अधिकारी ने बताया कि सुसुवाही क्षेत्र में तेज बारिश के कारण नाला ओवरफ्लो हो गया था, जिसके चलते जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हुई। फिलहाल यहां पंपिंग मशीन के माध्यम से जल निकासी का कार्य कराया जा रहा है।

नगर निगम की ओर से जलजमाव वाले क्षेत्रों में लगातार जल निकासी का कार्य कराकर लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6483


सबरंग