वाराणसी, 5 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से काशी से गुजरात के वडनगर तक विशाल ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ 17 सितंबर को काशी विश्वनाथ मंदिर में 10 नदियों के जल से जलाभिषेक के बाद होगा। करीब 20 दिन चलने वाली इस यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर में होगा।
यात्रा की तैयारियों को लेकर शनिवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में भाजयुमो की प्रदेश कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को पार्टी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। मोदी के जन्मस्थान वडनगर और कर्मभूमि काशी से यात्राएं निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि ये यात्राएं केवल बाइक यात्रा नहीं, बल्कि जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा होंगी।
वीडी शर्मा ने बताया कि कुल 20 बाइक यात्राएं प्रस्तावित हैं। इनमें 10 यात्राएं वडनगर से और 10 यात्राएं काशी से शुरू होंगी। प्रत्येक टोली में 25 बाइक सवार होंगे और प्रत्येक बाइक पर दो लोग सवार रहेंगे। इस तरह दोनों दिशाओं से युवा कार्यकर्ता करीब 20 दिनों तक यात्रा करेंगे।
प्रतिदिन लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सेवा, संवाद और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल युवाओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना नहीं है। इसके माध्यम से रास्ते में लोगों से संवाद कर सेवा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा।
प्रत्येक दिन की शुरुआत पौधरोपण से होगी। 25 यात्रियों की ओर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही स्वच्छता, टीबी मुक्त भारत और कुपोषण जैसे विषयों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
यात्रा के दौरान गांवों और कस्बों में लोगों से संवाद कर यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से उनके जीवन में किस प्रकार का बदलाव आया है। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को लेकर भी लोगों से चर्चा की जाएगी। यात्रा तिरंगे के साथ देशभक्ति के भाव से निकाली जाएगी।
वीडी शर्मा के मुताबिक यात्रा उत्तर प्रदेश के 46 जिलों, मध्य प्रदेश के 55 जिलों और राजस्थान के सभी 42 जिलों से होकर गुजरेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के विचार को गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के शासन अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे और 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक शासन के 25 वर्ष पूरे होंगे। इस अवधि में देश के विकास और शासन व्यवस्था में व्यापक बदलाव देखने को मिला है।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि बाइक यात्रा का पूरा आयोजन और संयोजन भाजयुमो करेगा। प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर की यात्रा के दौरान प्रत्येक जिले में तीन से चार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि बाइक टोली के स्थानीय स्तर पर पहुंचने पर सबसे पहले स्वागत कार्यक्रम होगा। इसके बाद एलईडी स्क्रीन पर करीब 15 मिनट की फिल्म दिखाई जाएगी और यात्रा के उद्देश्य की जानकारी दी जाएगी।
इसके बाद स्थानीय योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर जनता से संवाद किया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के लाभार्थियों से उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे। साथ ही नागरिकों से सुझाव भी लिए जाएंगे कि सरकार किस तरह लोगों को और अधिक लाभ पहुंचा सकती है।
जेपीएस राठौर ने कहा कि नरेंद्र मोदी काशी से सांसद हैं और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने काशी के विकास और कायाकल्प का काम किया है। काशी विश्वनाथ धाम इसका बड़ा उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान काशी के विकास की कहानी को दूसरे जिलों और राज्यों के लोगों तक पहुंचाया जाएगा। काशी के लोग जब स्वयं प्रधानमंत्री के कार्यों और शहर में हुए बदलाव की कहानी बताएंगे तो उसका अलग प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान को जवाब देने और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक दिलीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित होने वाली बाइक यात्रा को सफल बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया में भारत के गौरव को बढ़ाने का काम किया है और उनके नेतृत्व की स्वीकार्यता वैश्विक स्तर पर बढ़ी है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने कहा कि युवा मोर्चा के इतिहास में इतनी बड़ी बाइक यात्रा की योजना पहले कभी नहीं बनी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 10 नदियों के जल से काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक कर बाइक यात्रा शुरू की जाएगी।
काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने स्वागत भाषण एवं विषय प्रस्तावना रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित बाइक यात्रा के लिए कार्यकर्ताओं को जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से पूरा करना होगा।
कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष शिवावीर भदौरिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाजयुमो क्षेत्रीय अध्यक्ष शैलेन्द्र मोर्या ने किया।
कार्यशाला में भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा, प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, विशाल त्रिवेदी, शैलेंद्र मोर्या, नवरतन राठी, अनूप जायसवाल, अनिल श्रीवास्तव, संतोष सोलापुरकर, देवेंद्र मौर्या, रजत जायवाल, अमन सोनकर और आशुतोष पाल सहित प्रदेश के 46 जिलों के संयोजक एवं सह संयोजक मौजूद रहे।