वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की चेतगंज पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) और अन्य न्यायिक आदेशों के तहत वांछित चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिले इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को 4 सितंबर की देर रात गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कन्हैयालाल शर्मा (करीब 45 वर्ष) पुत्र स्व. विंदेश्वरी शर्मा, निवासी शालीमार एमराल्ड, फ्लैट नंबर 603, बटलर पैलेस, जनपद लखनऊ के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के खिलाफ मु0नं0 3905959/2018, धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इस मामले में एसीजेएम पंचम, वाराणसी के न्यायालय से अभियुक्त के विरुद्ध NBW के साथ धारा 82 और 83 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई के आदेश जारी किए गए थे।
चेतगंज पुलिस टीम को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए अभियुक्त के लखनऊ में होने की जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 4 सितंबर 2026 की रात करीब 11:10 बजे विला नंबर 11, शालीमार मीडोज, गोखले मार्ग, थाना हजरतगंज, लखनऊ से कन्हैयालाल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को थाना चेतगंज लाया गया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियुक्त की गिरफ्तारी में चेतगंज थाना प्रभारी पवन कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक राहुल बरनवाल, कांस्टेबल अनिल कुमार तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अश्वनी कुमार शामिल रहे।