वाराणसी। रामनगर पुलिस ने गोदाम का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए चश्मे, चश्मों के फ्रेम, CCTV कैमरे, वाई-फाई राउटर, पंखा, केबल, लोहे के सरिए और चश्मे का स्टैंड समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। रामनगर पुलिस टीम ने चेकिंग एवं तलाश के दौरान 3 सितंबर 2026 को सुबह करीब 3:15 बजे शिव विहार कॉलोनी से आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अहनू राजभर (27) पुत्र राजेश राजभर, निवासी शिव विहार कॉलोनी, भीटी, थाना रामनगर, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर 2026 को वादिनी ने रामनगर थाने में तहरीर देकर बताया था कि शिव विहार कॉलोनी स्थित उनके चश्मे के गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात चोर चश्मे, चश्मों के फ्रेम, CCTV कैमरे और अन्य सामान चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना रामनगर में मुकदमा संख्या 0230/2026, धारा 305(ए), 317(2) और 331(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शिव विहार कॉलोनी का ही रहने वाला है। उसी क्षेत्र में एक गोदाम काफी समय से बंद था और वहां किसी का आना-जाना नहीं होता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने मौका देखकर गोदाम से पीछे के रास्ते से धीरे-धीरे सामान निकाल लिया और उसका कुछ हिस्सा बेच दिया।
पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए सामान में से कुछ सामान आरोपी के पास बचा हुआ था, जिसे लेकर वह जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
09 चश्मे
06 गत्ते और एक बोरी चश्मे/चश्मों के फ्रेम
22 CCTV कैमरे
02 वाई-फाई राउटर
02 बंडल केबल/तार
01 पंखा
21 लोहे के सरिए के टुकड़े
01 चश्मे का स्टैंड
पुलिस के अनुसार, आरोपी अहनू राजभर के खिलाफ पूर्व में भी थाना रामनगर में एक आपराधिक मामला दर्ज है। उसका पूर्व आपराधिक इतिहास मु0अ0सं0 0080/2022, धारा 302/394/411 भादवि, थाना रामनगर, कमिश्नरेट वाराणसी बताया गया है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक अमित कुमार त्रिपाठी, अमित कुमार शर्मा और नितेश शर्मा, कांस्टेबल पवन कुमार, सचिन चतुर्वेदी, शक्तिरमण पाल और विनय कुमार सिंह शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।