भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र की नवनियुक्त क्षेत्रीय टीम की परिचयात्मक बैठक शुक्रवार को रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की जिम्मेदारियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
बैठक में भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संगठन में दायित्व मिलना केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं और समाज के प्रति जिम्मेदारी का बढ़ना है। प्रत्येक पदाधिकारी को अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करना चाहिए।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा आज जिस मुकाम पर पहुंची है, उसके पीछे लाखों कार्यकर्ताओं का संघर्ष, त्याग और समर्पण है। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को मजबूत करने में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ काम करता है और यही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
अशोक चौरसिया ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे पूर्व कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण से प्रेरणा लेते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करें। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। संगठन की मजबूती और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन विस्तार केवल चुनाव तक सीमित नहीं है। पंचायत से लेकर संसद तक पार्टी की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है।
बैठक में नवनियुक्त क्षेत्रीय टीम के सदस्यों ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी, सर्वेश कुशवाहा, अनीता त्रिपाठी, अनिल श्रीवास्तव, सुनील पटेल, अमित राय, भानु प्रताप सिंह, महामंत्री कविता पटेल, विद्याधर तिवारी, मंत्री जगदीश त्रिपाठी, प्रवीण सिंह गौतम, देवेंद्र मौर्य, उत्तम ओझा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य मौजूद रहे।