वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने गुरुवार देर शाम शैलपुत्री और सरैया क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों एवं राहत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं के साथ स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी ली।
मंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को फूड पैकेट और राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने राहत शिविर में मौजूद छोटे बच्चों को चॉकलेट और बिस्किट देकर दुलार किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने की नसीहत दी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत और सहायता उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। राहत शिविरों में रह रहे परिवारों के लिए भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों की जरूरतों का नियमित रूप से जायजा लिया जाए और किसी भी आवश्यकता की सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार प्रीति पांडेय, पार्षद अशोक कुमार मौर्या, पार्षद जितेंद्र कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष दिलीप चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह, रतन कुमार मौर्या, कमलेश सोनकर, शंभु पटेल, मनोज जायसवाल सहित मंडल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।