MENU

बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक विभाग पर 25 हजार मांगने का आरोप



 04/Sep/26

परिजनों का दावा- बार्गेनिंग के बाद 19 हजार रुपये ऑनलाइन किए ट्रांसफर, डीएम के निरीक्षण के बाद रकम लौटाने की बात

चंदौली। बाबा कीनाराम ऑटोनॉमस मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक विभाग में मरीज के ऑपरेशन और इलाज के नाम पर रुपये मांगने का आरोप सामने आया है। मरीज प्रेम चौहान के परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाज कर रहे चिकित्सक की ओर से कथित तौर पर 25 हजार रुपये की मांग की गई। परिजनों के मुताबिक बातचीत के बाद कथित रूप से 19 हजार रुपये में मामला तय हुआ, जिसके बाद उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से रकम ट्रांसफर की।

परिजनों का दावा है कि रकम का भुगतान किए जाने के बाद मरीज का इलाज शुरू किया गया। इसी दौरान जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण में कथित रूप से मामला सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। परिजनों के अनुसार, डीएम के सख्त रुख के बाद उनके द्वारा दिए गए 19 हजार रुपये वापस किए गए।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि रकम की मांग कथित दलाल मनीष चौहान के माध्यम से की गई थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित चिकित्सक, दलाल और मेडिकल कॉलेज प्रशासन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज को लेकर पूर्व विधायक मनोज सिंह डबलू की ओर से लगाए गए कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसी जांच के बीच आर्थोपेडिक विभाग से जुड़े नए आरोप सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

मरीज के तीमारदारों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपों की सच्चाई सामने लाने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब बड़ा सवाल यह है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5859


सबरंग