कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, पढ़ाई के लिए समय प्रबंधन और करियर से जुड़े सवाल DCP के सामने रखे। DCP गौरव बंसवाल ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए कहा कि सफलता के लिए सबसे पहले स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। लक्ष्य हासिल करने के लिए अनुशासन, निरंतर मेहनत, समय प्रबंधन और स्वाध्याय को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ जीवन में विनम्र, सशक्त और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया। कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनना भी है। उन्होंने छात्राओं से आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया।
संवाद के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाएं खुलकर सामने रखीं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अधिकारियों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलने से उन्हें करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर व्यावहारिक मार्गदर्शन मिलता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक रामनगर संजय कुमार मिश्र, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका साधना राय, सहायक अध्यापिकाएं सीमा शर्मा एवं अंजलि शर्मा सहित थाना रामनगर की पुलिस टीम मौजूद रही।