कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि सर्वोच्च न्यायालय एवं बॉम्बे उच्च न्यायालय की अधिवक्ता स्नेहा सिंह रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, आत्मविश्वास और संवाद-कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सनबीम समूह की निदेशिका श्रीमती अमृता वर्मन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन और समसामयिक विषयों की गहरी समझ विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों को पूरे उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ अपनी प्रतिभा एवं विचारों को प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सनबीम समूह के ऑनरेरी निदेशक श्री हर्ष मधोक ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही भविष्य के सशक्त नेतृत्व की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। नृत्य, संगीत एवं अन्य प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने आदर्श संयुक्त राष्ट्र एवं युवा संसद की विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और युवा सांसदों की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों ने समसामयिक एवं वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
महाविद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी डॉ. शालिनी सिंह ने कहा कि ‘लाईसियम 2026’ विद्यार्थियों को केवल अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर ही नहीं दे रहा, बल्कि नेतृत्व, अभिव्यक्ति, तर्क-वितर्क, निर्णय क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का सशक्त मंच भी प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन सत्र ने पूरे आयोजन को ऊर्जा, उत्साह और प्रेरणा से भर दिया।
महाविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।