नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जन्माष्टमी से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इन क्षेत्रों में नियमित कूड़ा उठान के साथ नालियों की तली झाड़ सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
नगर आयुक्त ने उन क्षेत्रों की विशेष मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं, जहां पूर्व में जलभराव अथवा गंदगी की शिकायतें सामने आती रही हैं। अधिकारियों को आयोजन से पहले ऐसे स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने को कहा गया है।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर सड़क के पैचवर्क का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि रात के समय धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के दौरान पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।
नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में धरातल पर उतरकर व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, जिससे पर्व के दौरान काशी में स्वच्छता, प्रकाश और यातायात मार्गों से जुड़ी व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।