उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने सिगरा स्थित अपने कैंप कार्यालय पर काशी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को लाइव सुना।
कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. दयालु ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से नशामुक्त भारत के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज युवाओं के स्वस्थ जीवन, खुशहाल वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। इस संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं में आत्मनिर्भरता, राष्ट्रप्रेम और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की भावना को नई ऊर्जा मिल रही है। युवा शक्ति ही आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की मजबूत नींव है।
इस अवसर पर देवेंद्र प्रताप सिंह, चंद्रप्रकाश मिश्र ‘गुड्डू महाराज’, गौरव राठी, श्रुति द्विवेदी, प्रमोद राय, सौरभ पाठक, अवधनारायण राय, दिनेश कुमार सिंह ‘दीनू’, सौरभ राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि कार्यक्रम में काशी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेश को आत्मसात करते हुए नशामुक्त भारत और स्वदेशी को अपनाने का संकल्प लिया।