कैंट थाना क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी शुभम को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वरुणा पुल के पास पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित एक रेस्टोरेंट के ऊपर रहने वाली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
इसी क्रम में 28 अगस्त को पुलिस टीम को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी शुभम वरुणा पुल के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग की।
पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया सेल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, कमिश्नरेट वाराणसी के अनुसार प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है।