अशोक चौरसिया बोले- आपदा की घड़ी में नेपाली भाइयों-बहनों के साथ मजबूती से खड़ा है भारत
तिब्बत में ग्लेशियर टूटने के बाद नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर भाजपा नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत मजबूती से अपने नेपाली भाइयों और बहनों के साथ खड़ा है।
अशोक चौरसिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि और व्यापक नुकसान से भारत बेहद दुखी है। नेपाल केवल भारत का पड़ोसी देश नहीं, बल्कि मित्र राष्ट्र है। दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और आत्मीय संबंध हैं।
उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल के रिश्ते केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं हैं। दोनों देशों के नागरिक लंबे समय से एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी रहे हैं। ऐसे कठिन समय में भारत नेपाल के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल सरकार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। भारत की ओर से राहत सामग्री भी भेजी जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राहत एवं बचाव कार्यों के जरिए प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता जल्द पहुंचेगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदना है और प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
शोक व्यक्त करने वालों में क्षेत्रीय मंत्री राकेश शर्मा, डॉ. सुदामा पटेल, राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, अनिल श्रीवास्तव और श्रीप्रकाश शुक्ला सहित अन्य नेता शामिल रहे।