नगर निगम वाराणसी के ‘स्वच्छता का बंधन—ये रक्षाबंधन मनाएं, स्वच्छता का बंधन’ अभियान के तहत रवींद्रपुरी स्थित लिटिल मिलेनियम स्कूल में अनूठे अंदाज में रक्षाबंधन मनाया गया। समाजसेवी संस्था के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने वेस्ट मटेरियल से तैयार ईको-फ्रेंडली राखियां नगर निगम के अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों की कलाई पर बांधीं।
कार्यक्रम का नेतृत्व लिटिल मिलेनियम रवींद्रपुरी की सीएलओ हेमा काबरा ने किया। बच्चों ने अपने हाथों से तैयार राखियां बांधकर सफाई कर्मचारियों के प्रति सम्मान और आभार जताया। इस दौरान बच्चों ने कहा कि जो लोग शहर को स्वच्छ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, वे समाज के वास्तविक रक्षक हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ‘स्वच्छ काशी, सुंदर काशी’ का संकल्प भी लिया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता, पुनर्चक्रण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सफाई कर्मचारियों के योगदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा।
समाजसेवी एवं माहेश्वरी समाज के प्रचारमंत्री गौरव राठी ने कहा कि नगर निगम का ‘स्वच्छता का बंधन’ अभियान सराहनीय पहल है। बच्चों द्वारा वेस्ट मटेरियल से राखी बनाकर सफाई कर्मचारियों को बांधना स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सम्मान का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में बचपन से ही रीसाइक्लिंग, स्वच्छता और सफाई कर्मचारियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में हेमा काबरा, अमन मौर्य (जोनल इंचार्ज), जागृति गुप्ता, सोनाली सेठ, रसिक केसरी, अर्चिता पांडेय, आशीष पटेल, अनुराग कुमार, दीपक सिंह (सुपरवाइजर) सहित शिक्षिकाएं, समाजसेवी संस्था के सदस्य, नगर निगम कर्मचारी और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।