MENU

आयुष मंत्री ने की विभागीय समीक्षा, पूर्ण अस्पतालों के शीघ्र लोकार्पण के निर्देश



 27/Aug/26

वर्चुअल बैठक में अस्पतालों की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता और मरीज सुविधाओं की समीक्षा; स्वच्छता, पौधरोपण व बेहतर वातावरण पर जोर

आयुष, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने बुधवार को अपने कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से आयुष विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान प्रदेश में संचालित आयुर्वेदिक, यूनानी एवं होम्योपैथिक अस्पतालों की स्थिति, निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके भवनों, औषधियों की उपलब्धता तथा मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन आयुष अस्पतालों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनका शीघ्र लोकार्पण कराकर जनसेवा के लिए संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि तैयार अस्पतालों को अनावश्यक रूप से बंद रखना जनहित में उचित नहीं है। अस्पतालों के संचालन में किसी तरह की देरी न हो और स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द आयुष चिकित्सा का लाभ मिले, इसे प्राथमिकता दी जाए।

अस्पतालों में स्वच्छता और हरियाली पर जोर

डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने अस्पताल परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ मरीजों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसरों में पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया।

मंत्री ने कहा कि आयुष अस्पताल केवल उपचार का केंद्र नहीं, बल्कि लोगों को स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने वाले संस्थान भी होने चाहिए। इसके लिए साफ-सफाई और परिसर के सौंदर्यीकरण पर लगातार निगरानी रखी जाए।

अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में औषधियों की उपलब्धता की भी गहन समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी आयुष अस्पताल में जरूरी दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। औषधियों की आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और कहीं भी कमी सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि औषधियों की आपूर्ति में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जनहित में त्वरित कार्रवाई पर बल

जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि निर्माण पूर्ण हो चुके अस्पतालों को अनावश्यक रूप से बंद न रखा जाए और शीघ्र लोकार्पण कराकर आमजन को आयुष चिकित्सा सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव रंजन कुमार, विशेष सचिव मदन सिंह गर्ब्याल, आयुर्वेद निदेशक नारायण दास, होम्योपैथी निदेशक प्रमोद कुमार सिंह, यूनानी निदेशक जमाल अख्तर, जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विभाग की योजनाओं और अस्पतालों से जुड़ी व्यवस्थाओं का नियमित अनुश्रवण किया जाए, ताकि मरीजों को समयबद्ध और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4556


सबरंग