MENU

जगदीप मधोक बने पूर्वांचल स्कूल्स वेलफेयर एसोसिएशन के नए अध्यक्ष, नई कार्यकारिणी का गठन



 26/Aug/26

वाराणसी। पूर्वांचल के निजी विद्यालयों के हितों और शिक्षा जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कार्यरत पूर्वांचल स्कूल्स वेलफेयर एसोसिएशन (पीएसडब्ल्यूए) की आमसभा की बैठक मंगलवार को वाराणसी के बेनारस क्लब में हुई। बैठक में संस्था की गतिविधियों की समीक्षा के साथ भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई और सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। संस्था के नए अध्यक्ष के रूप में जगदीप मधोक का चयन किया गया।

बैठक में वाराणसी, चंदौली, प्रयागराज, मऊ, मिर्जापुर, बलिया, जौनपुर सहित पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एसोसिएशन से वर्तमान में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, भारतीय माध्यमिक शिक्षा प्रमाणपत्र तथा अन्य राज्य बोर्डों से संबद्ध करीब 150 निजी विद्यालय जुड़े हुए हैं।

बैठक में सदस्यों ने शिक्षा क्षेत्र के सामने मौजूद विभिन्न चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया। वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में निजी विद्यालयों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए विद्यालय प्रबंधन की एकजुटता और आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। सदस्यों ने संस्था को और मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक विद्यालयों को इससे जोड़ने पर भी जोर दिया।

नई कार्यकारिणी में जगदीप मधोक को अध्यक्ष, पुष्प आर. अग्रवाल को महामंत्री और अरविंद तिवारी को संयुक्त महामंत्री बनाया गया। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में मुकुल पांडेय, पंकज राजघरिया और प्रबोध नारायण सिंह तथा उपाध्यक्ष के रूप में अमरदीप सिंह, मेजर एस.आर. सिंह और पूजा दीक्षित को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. गिरिश चंद्र तिवारी को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद जगदीप मधोक ने सभी सदस्यों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि एसोसिएशन की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य विद्यालयों को साथ लेकर संस्था के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और शिक्षा जगत से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से काम किया जाएगा।

बैठक में इस बार युवाओं को भी संस्था के नेतृत्व में प्रतिनिधित्व देने की पहल की गई। इसके लिए युवा समिति का गठन किया गया है। इसके माध्यम से सदस्य विद्यालयों के प्रबंधन से जुड़ी नई पीढ़ी को संस्था की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा। संस्था का मानना है कि युवा नेतृत्व के जुड़ने से आधुनिक सोच और नई कार्यशैली को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक के अंत में सदस्यों ने नई कार्यकारिणी के साथ मिलकर पूर्वांचल के निजी विद्यालयों के हित में प्रभावी ढंग से कार्य करने और एसोसिएशन को और व्यापक स्तर पर मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5596


सबरंग