वाराणसी में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना की प्रगति का जायजा लेने के लिए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सोमवार को विभिन्न रोपवे स्टेशनों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गोदौलिया, गिरिजाघर और रथयात्रा स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने गोदौलिया एवं गिरिजाघर रोपवे स्टेशनों पर निर्माणाधीन कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ अन्य स्टेशनों पर चल रहे निर्माण, आर्ट वर्क और फिनिशिंग कार्यों की भी जानकारी ली।
गोदौलिया स्टेशन पर बोर्डिंग-डिबोर्डिंग के लिए निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि गिरिजाघर स्टेशन पर कंट्रोल रूम का काम प्रगति पर है। मंडलायुक्त ने दोनों कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
रथयात्रा स्टेशन पहुंचकर भी मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया और कार्यों में तेजी लाने को कहा। अधिकारियों के अनुसार, कैंट स्टेशन से रथयात्रा तक रोपवे का कार्य पूरा हो चुका है। इसके आगे के स्टेशनों पर अलाइनमेंट चेक का काम जारी है।
परियोजना को नवंबर 2026 तक पूरा करने के लक्ष्य को देखते हुए अंतिम तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कहा कि रोपवे परियोजना वाराणसी की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ शहर में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
उन्होंने नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने और निर्माण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान वाराणसी रोपवे की परियोजना निदेशक पूजा मिश्रा सहित रोपवे से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।