MENU

राजातालाब में पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्या का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली



 25/Aug/26

श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस ने दबोचा पुनीत मिश्रा, तमंचा-कारतूस, बाइक और आईफोन बरामद; मुख्य आरोपी विवेक चौबे की तलाश जारी

वाराणसी, 24 अगस्त 2026। राजातालाब थाना पुलिस और एसओजी टीम ने श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में वांछित आरोपी पुनीत मिश्रा को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल और आईफोन मोबाइल बरामद किया है।

18 अगस्त को लापता हुई थी श्रेया

पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय निवासी ग्राम मरुई, थाना राजातालाब 18 अगस्त को घर से जगतपुर महाविद्यालय, रोहनिया जाने के दौरान लापता हो गई थीं। 20 अगस्त को उनका शव रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में पानी की टंकी के पास स्थित एक मकान से बरामद हुआ था। परिजनों की तहरीर पर विवेक चौबे उर्फ निखिल के खिलाफ राजातालाब थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र के निर्देशन में राजातालाब पुलिस व एसओजी की चार टीमें गठित की गई थीं।

चेकिंग के दौरान भागा आरोपी

24 अगस्त को पुलिस टीमें वांछित आरोपियों की तलाश और चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित आरोपी काले रंग की हीरो स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल से खैरा मिर्जापुर की ओर से जक्खिनी की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जमुनीपुर तिराहे के पास चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर रमईपुर भट्ठा के पास रास्ता खराब होने के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

22 लाख रुपये में हत्या की बात

घायल आरोपी की पहचान पुनीत मिश्रा पुत्र सुरेन्द्र मिश्रा, निवासी ग्राम मिसरौली बकुची डाड़ीडीह अरदौना, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में पुनीत ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने साथी विवेक चौबे उर्फ निखिल के साथ मिलकर 18 अगस्त को श्रेया उपाध्याय की हत्या की थी। उसके अनुसार, हत्या के एवज में विवेक चौबे ने उसे 22 लाख रुपये देने की बात कही थी।

पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी विवेक चौबे ने पुनीत को आवागमन के लिए दी थी। पूछताछ में सामने आए तथ्यों और बरामद साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक चौबे उर्फ निखिल की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने की बात कही है। पुलिस टीमों द्वारा उसकी तलाश जारी है और शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

पुनीत मिश्रा के खिलाफ राजातालाब थाने में मु0अ0सं0-159/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/5/27 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वह मु0अ0सं0-157/2026, धारा 103(1) बीएनएस में वांछित था।

बरामदगी

  • .315 बोर का एक देशी तमंचा

  • एक खोखा कारतूस .315 बोर

  • एक जिंदा कारतूस .315 बोर

  • घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल, पंजीकरण संख्या UP61U3397

  • घटना में प्रयुक्त आईफोन मोबाइल फोन

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में राजातालाब थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3401


सबरंग