MENU

सिगरा फल मंडी की 610 मीटर सड़क बनेगी मॉडल रोड



 23/Aug/26

11.61 करोड़ रुपये की लागत से तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम तक हो रहा विकास कार्य, महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया निरीक्षण

वाराणसी। शहर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेने के लिए शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा फल मंडी के पास मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स) के तहत निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

सीएम ग्रिड्स योजना के तहत 11.61 करोड़ रुपये की लागत से तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम तक 610 मीटर लंबे मार्ग का विकास कराया जा रहा है। परियोजना के तहत सड़क के साथ ड्रेनेज और फुटपाथ का भी निर्माण किया जा रहा है। फल मंडी मार्ग को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना है।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण तय मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाना चाहिए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द बेहतर सुविधा मिल सके।

महापौर ने कहा कि यह मार्ग मॉडल रोड के रूप में विकसित होने के बाद शहर के अन्य क्षेत्रों में सड़क विकास के लिए भी उदाहरण बन सकता है। उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने महापौर को बताया कि परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है और इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

9680


सबरंग