लखनऊ। उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (NRWWO) की ओर से शनिवार, 22 अगस्त को साकेत क्लब में पारंपरिक सावन उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती निरुपमा वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। सावन की पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़े इस आयोजन में संगठन की सदस्यों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। ‘मां के नाम एक पेड़’ और ‘कैच द रेन’ अभियानों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इन अभियानों को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की ओर से पौधों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर निरुपमा वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
सावन उत्सव में उत्तर रेलवे मुख्यालय, नई दिल्ली के गणमान्य अधिकारियों एवं अतिथियों के अलावा अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) तथा पूर्वोत्तर रेलवे (NE Railway) के रेलवे महिला कल्याण संगठनों के सदस्यों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में सावन की लोक संस्कृति के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।