MENU

महापौर ने बीएलडब्ल्यू परिसर में रोपे विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे



 22/Aug/26

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नगर निगम का मानसून में 25 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य, पौधों की सुरक्षा के लिए जियो-ट्रैकिंग के साथ ‘पालक’ भी चयनित

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर नगर निगम वाराणसी पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधरोपण अभियान चला रहा है। इस मानसून सत्र में नगर निगम ने शहर में करीब 25 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के तहत शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे रोपकर अभियान की शुरुआत की।

बीएलडब्ल्यू परिसर में 10 दिन में लगाए जाएंगे 2 हजार पौधे

पौधरोपण अभियान के दौरान बीएलडब्ल्यू परिसर में नीम, पीपल, गुलमोहर और पकड़ सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। नगर निगम के अनुसार परिसर में अगले 10 दिनों के भीतर कुल 2,000 पौधे लगाए जाने हैं।

पौधों की सुरक्षा के लिए ‘पालक’ की होगी जिम्मेदारी

नगर निगम का जोर केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड उपलब्ध कराने के साथ पहले से गड्ढे तैयार किए जा रहे हैं।

इसके अलावा रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय नागरिकों को ‘पालक’ के रूप में चयनित कर जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। पौधों की निगरानी के लिए जियो-ट्रैकिंग की व्यवस्था भी की जा रही है।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी किया पौधरोपण

बीएलडब्ल्यू परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह सहित पार्षद सुरेश पटेल, रविंद्र सिंह, मदन मोहन तिवारी, अजय बिंद, अमित सिंह चिंटू, श्याम भूषण शर्मा, महेंद्र पटेल, गोपाल पटेल, अतुल पांडेय और कल्लू पहलवान ने भी पौधरोपण किया।

कार्यक्रम में जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव सर्वेश पांडेय, भारतीय मजदूर संघ (रेलवे) के प्रभात सिंह, केएन तिवारी, राकेश पांडेय सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर संयुक्त नगर आयुक्त एवं उद्यान प्रभारी कृष्ण चंद्र तथा क्षेत्रीय पार्षद भी उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

9030


सबरंग