लखनऊ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने लखनऊ-बाराबंकी-अयोध्या कैंट-सुल्तानपुर रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास एवं निर्माण कार्यों, यात्री सुविधाओं, स्टेशन भवन, परिचालन और संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म शेड, कंट्रोल रूम भवन, वॉशरूम, टिकट काउंटर, खानपान स्टॉल, सर्कुलेटिंग एरिया सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बाराबंकी स्टेशन पर ₹33.42 करोड़ की लागत से पुनर्विकास एवं निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। DRM ने निर्माणाधीन स्टेशन भवन के विभिन्न कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद रुदौली स्टेशन से अयोध्या की ओर रेलखंड का निरीक्षण करते हुए समपार संख्या 141-सी/1ई का जायजा लिया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने यहां संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर DRM ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के अगले चरण में भरतकुंड रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन भवन, रिले रूम और अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लिया गया। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ₹17.04 करोड़ की लागत से स्टेशन भवन एवं अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं।
इसके बाद मार्ग में लेवल क्रॉसिंग संख्या 27-C/E-3 पर संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के अंतिम चरण में मंडल रेल प्रबंधक ने सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। स्टेशन के पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और निर्माण कार्यों पर ₹36.85 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं।
मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता, संरक्षा और आधुनिक यात्री सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता सहित लखनऊ मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।