शेयर बाजार में ट्रेडिंग के दौरान हुए नुकसान से परेशान रांची निवासी एक युवक राजघाट रेलवे पुल पहुंच गया। युवक ने कथित तौर पर अपने परिजनों को एक वीडियो भेजा, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना मिली। जानकारी मिलते ही रामनगर पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को सूजाबाद चौकी प्रभारी प्रशान्त पाण्डेय को सूचना मिली कि एक युवक शेयर बाजार में ट्रेडिंग में हुए नुकसान से परेशान होकर राजघाट रेलवे पुल पर पहुंचा है। युवक ने अपने परिजनों को वीडियो भेजकर आत्महत्या करने की बात कही थी।
सूचना मिलते ही सूजाबाद चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने पुल पर युवक की पहचान चन्दन कुमार (35 वर्ष), पुत्र सुरेश प्रसाद, निवासी कुसुम विहार, मोराबादी, जनपद रांची, झारखंड के रूप में की।
पुलिस टीम ने युवक से बातचीत कर उसे समझाया और सुरक्षित पुल से नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे सूजाबाद चौकी लाया गया, जहां पुलिस ने उसकी काउंसलिंग की। काउंसलिंग के बाद युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की तत्परता से युवक को सुरक्षित बचाया जा सका। रामनगर पुलिस की यह कार्रवाई संकट की स्थिति में त्वरित हस्तक्षेप और संवेदनशीलता का उदाहरण बनी।
बचाव अभियान में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा, थाना रामनगर; उपनिरीक्षक प्रशान्त पाण्डेय, चौकी प्रभारी सूजाबाद; उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार मौर्य; उपनिरीक्षक हरनरेन्द्र सिंह; आरक्षी धनन्जय और आरक्षी सदानन्द चौरसिया शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी परेशानी या मानसिक तनाव की स्थिति में अकेले कोई कठोर कदम न उठाएं। ऐसी परिस्थिति में तत्काल परिजनों, भरोसेमंद लोगों या पुलिस की सहायता लेनी चाहिए।
क्लाउन टाइम्स | वाराणसी