MENU

काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 पर श्रद्धालुओं से कथित अवैध वसूली, तीन गिरफ्तार



 21/Aug/26

चंदन टीका और शीघ्र दर्शन के नाम पर धन मांगने का आरोप, विवाद और मारपीट की सूचना पर चौक पुलिस ने की कार्रवाई

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 के पास श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों से चंदन टीका लगाने तथा शीघ्र दर्शन कराने के नाम पर अनावश्यक धन की मांग करने, दुर्व्यवहार और मारपीट करने के आरोप में चौक थाना पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालान किया है।

श्रद्धालुओं से धन मांगने की मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम तथा चोरी, लूट और धोखाधड़ी की घटनाओं के अनावरण एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, एसीपी दशाश्वमेध और प्रभारी निरीक्षक थाना चौक के पर्यवेक्षण में 20 अगस्त 2026 को कार्रवाई की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 के आगे कुछ लोग श्रद्धालुओं से चंदन टीका लगाने और शीघ्र दर्शन कराने के नाम पर धन की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान दर्शनार्थियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट भी की जा रही थी।

CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस

सूचना के आधार पर चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, उस समय मौके पर दर्शनार्थियों की काफी भीड़ थी और तीन आरोपी लोगों से विवाद करते हुए माहौल खराब कर रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके कथित रूप से लगातार आक्रामक व्यवहार करने और मारपीट पर उतारू होने के कारण मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि मौके पर मौजूद दर्शनार्थियों और स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर नाराजगी थी तथा धार्मिक स्थल पर विवाद बढ़ने की आशंका बनी हुई थी।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—

  • अजय दूबे, पुत्र स्व. सीताराम दूबे, निवासी चित्तूपुर, सिगरा, वाराणसी, उम्र 58 वर्ष।

  • हरिओम पाण्डेय, पुत्र रामसहाय पाण्डेय, निवासी सीके 12/41, ब्रह्मनाल, चौक, वाराणसी, उम्र 19 वर्ष।

  • राजेश पाण्डेय, पुत्र स्व. अर्जुन पाण्डेय, निवासी सीके 12/43, ब्रह्मनाल, चौक, वाराणसी।

के रूप में हुई है।

शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पर निरोधात्मक कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि शांति व्यवस्था प्रभावित होने की प्रबल संभावना को देखते हुए तीनों आरोपियों को 20 अगस्त 2026 को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर गेट नंबर-4 से गिरफ्तार किया गया। उनके विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालान किया गया।

यह पुलिस टीम रही शामिल

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना चौक दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक पुष्कर दूबे, कांस्टेबल राहुल कुमार और रिजर्व कांस्टेबल विवेक शुक्ला शामिल रहे।

क्लाउन टाइम्स | वाराणसी


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2598


सबरंग