MENU

बनारस संगीत घराने के प्रसिद्ध सितार वादक पंडित ध्रुव नाथ मिश्र का निधन, संगीत जगत में शोक की लहर

अशोक मिश्र “क्लाउन” चीफ एडिटर

 20/Aug/26

वाराणसी। बनारस संगीत घराने के सशक्त कलाकार एवं प्रसिद्ध सितार वादक पंडित ध्रुव नाथ मिश्र का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे और उनका उपचार रविंद्रपुरी स्थित ओरियाना हॉस्पिटल में चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

पंडित ध्रुव नाथ मिश्र प्रख्यात तबला वादक पंडित भोला नाथ मिश्र के कनिष्ठ भाई थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बनारस संगीत घराने और कला जगत में शोक की लहर दौड़ गई। पंडित ध्रुव नाथ मिश्र अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

निधन की सूचना मिलते ही उनके कबीरचौरा स्थित आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए शुभचिंतकों, कलाकारों और परिचितों का पहुंचना शुरू हो गया। उनके आवास पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं।

शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में कन्हैया लाल मिश्र, कुबेर नाथ मिश्र, विनोद मिश्र, सुखदेव मिश्र, किशोर मिश्र, प्रेम किशोर मिश्र, त्रिलोकी नाथ मिश्र, माता प्रसाद मिश्र, रवि शंकर मिश्र, प्रभाष महाराज, राजेश मिश्र, गौरव मिश्र, सागर मिश्र, अंशुमान महाराज, श्रीमती मीना मिश्रा, रेनू मिश्रा, डॉ. ममता टंडन, बबिता और माण्डवी समेत बड़ी संख्या में कलाकार एवं शुभचिंतक शामिल रहे।

इस दौरान पंडित ध्रुव नाथ मिश्र के ज्येष्ठ भ्राता पंडित भोला नाथ मिश्र भावुक होकर अपने छोटे भाई को याद करते रहे। उन्होंने कहा, “लक्ष्मण अपने भाई राम को छोड़कर चला गया। अब हम किसके भरोसे रहेंगे।” भाई के निधन का गम उनके शब्दों और भावनाओं में साफ दिखाई दे रहा था।

दोपहर करीब 12 बजे कबीरचौरा स्थित आवास से पंडित ध्रुव नाथ मिश्र की अंतिम यात्रा निकली। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में कलाकारों, परिजनों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी।

इसके बाद उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया गया। उनके ज्येष्ठ भ्राता पंडित भोला नाथ मिश्र ने मुखाग्नि दी।

पंडित ध्रुव नाथ मिश्र के निधन से बनारस की समृद्ध संगीत परंपरा को गहरी क्षति हुई है। संगीत जगत से जुड़े लोगों ने उनके निधन को कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1298


सबरंग