वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र से वर्ष 2024 से लापता चल रही करीब 22 वर्षीय युवती को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक युवती अपने पति के साथ मिली, जिसके बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे पति एवं परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जंसा पुलिस के अनुसार, युवती की गुमशुदगी के संबंध में गुमशुदगी संख्या 15/2024 दर्ज थी। उसकी तलाश के लिए थानाध्यक्ष जंसा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम लगातार तलाश, पतारसी और सुरागरसी के साथ सोशल मीडिया, सर्विलांस तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों की मदद से युवती का पता लगाने में जुटी थी।
पुलिस के मुताबिक 18 अगस्त को मुखबिर से युवती के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके आधार पर उपनिरीक्षक अखिलेश सोनकर ने पुलिस बल के साथ युवती को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि वह संबंधित युवक से प्रेम करती थी और दोनों बालिग हैं। युवती के अनुसार, 30 जून 2024 को दोनों साथ में पुणे चले गए थे, जहां उन्होंने मंदिर में विवाह किया और बाद में कोर्ट मैरिज भी की।
युवती ने बताया कि वर्तमान में दोनों पति-पत्नी के रूप में रह रहे हैं। बाद में उसे जानकारी हुई कि उसके परिजनों ने थाना जंसा में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों की सहमति और युवती की इच्छा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद युवती को उसके पति एवं परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
युवती की बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह, उपनिरीक्षक अखिलेश सोनकर, महिला उपनिरीक्षक नेहा सिंह और महिला कांस्टेबल नीतू शामिल रहीं।