संत शिरोमणि रविदास जी के आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को वाराणसी में पावन कलश यात्रा निकाली गई। शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के सारनाथ मंडल में आयोजित इस यात्रा में उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल शामिल हुए। उन्होंने सिर पर कलश रखकर यात्रा का नेतृत्व किया।
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने इस अवसर पर संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करने और उनके समानता, समरसता एवं सामाजिक एकता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन और उनके विचार मानवता, समानता तथा सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने समाज में भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना को समाप्त कर समानता और भाईचारे का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
पावन कलश यात्रा का शुभारंभ आशापुर चौराहा से हुआ। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पहड़िया स्थित काली माता मंदिर के पास पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आशापुर चौराहा, अशोका तिराहा, पहड़िया चौराहा, नई बस्ती स्थित मंगल करण मंदिर और काली माता मंदिर के पास क्षेत्रीय पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।
जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, श्रद्धालु और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस दौरान पार्षद अभय पाण्डेय, राजेंद्र मौर्या, संजय जायसवाल, राजेश यादव, मदन दुबे और बृजेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।