प्रो. ज्योतिषी को सम्मान मिलने पर आयुष मंत्री ने दी बधाई, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर किया अभिनंदन; उपलब्धि को बताया काशी के लिए गौरव
उत्तर प्रदेश के आयुष, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने मंगलवार को वाराणसी के कश्मीरीगंज स्थित आवास पर पहुंचकर हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के प्रख्यात कलाकार प्रो. चित्तरंजन ज्योतिषी से आत्मीय भेंट की। इस दौरान मंत्री ने उन्हें संगीत नाटक अकादमी रत्न सदस्यता सम्मान मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रो. चित्तरंजन ज्योतिषी को प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी रत्न सदस्यता सम्मान प्रदान किए जाने पर डॉ. दयालु ने उनका अभिनंदन किया। मंत्री ने अंगवस्त्र, माल्यार्पण, पुष्पवर्षा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
प्रो. चित्तरंजन ज्योतिषी ने भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में कई दशकों तक संगीत साधना, शिक्षा और शोध के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे प्रदर्शन कला संकाय में गायन एवं संगीत विभाग के डीन और विभागाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर के कुलपति भी रहे हैं।
प्रो. ज्योतिषी ने ग्वालियर घराने में संगीत की शिक्षा प्राप्त की और बनारस घराने की समृद्ध संगीत परंपरा एवं उसकी बारीकियों का भी गहन अध्ययन किया। वर्ष 2023 में उन्हें संगीत नाटक अकादमी की ओर से ‘अमृत पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
इस अवसर पर डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि प्रो. चित्तरंजन ज्योतिषी को प्रतिष्ठित सम्मान मिलना समस्त काशीवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रो. ज्योतिषी की उपलब्धि काशी की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक परंपरा को देश-दुनिया में गौरवान्वित करने वाली है।
मंत्री ने प्रो. ज्योतिषी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।
इस अवसर पर संजीव सिंह बिल्लू, सिंधु सोनकर, सोमनाथ मौर्य, गौरव राठी, सौरव पाठक, देवेंद्र मिश्रा, मनोज, आकाश, सुमित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।