गोरखपुर के योगीराज बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र, रामगढ़ताल में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन का वाराणसी के सर्किट हाउस में लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी स्वयंसेवकों के दैनिक ड्यूटी भत्ते में ₹100 की वृद्धि की घोषणा की। अब पीआरडी जवानों को दैनिक ड्यूटी के लिए ₹600 भत्ता मिलेगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेशभर में कार्यरत हजारों पीआरडी स्वयंसेवकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
पीआरडी जवानों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के जरिए जवानों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। सरकार का कहना है कि यह कदम पीआरडी जवानों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम परवर पश्चिम में ₹23 करोड़ की लागत से बहुमंजिला पीआरडी बैरक के निर्माण का शिलान्यास भी किया। इससे पीआरडी जवानों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पीआरडी जवान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विभिन्न आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए सरकार ने दैनिक भत्ते में वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा योजना जैसी सुविधाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पीआरडी जवानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
वाराणसी में आयोजित लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी नीतीश कुमार राय समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन जिला युवा कल्याण अधिकारी द्वारा किया गया।