वाराणसी। उत्कृष्ट विवेचनात्मक कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और लंबे समय से लापता दो नाबालिग बालिकाओं की सकुशल बरामदगी में उल्लेखनीय योगदान के लिए थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT), कमिश्नरेट वाराणसी में तैनात उप निरीक्षक निकिता सिंह को DGP सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
उप निरीक्षक निकिता सिंह ने अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए बालिकाओं से संबंधित चुनौतीपूर्ण प्रकरणों में संवेदनशीलता और प्रभावी कार्यवाही की। लंबे समय से लापता बालिकाओं की तलाश और उनकी सकुशल बरामदगी के लिए लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप उन्हें महत्वपूर्ण सफलता मिली।
विशेष रूप से, लगभग तीन वर्ष से लापता एक बालिका को जनपद जौनपुर से तथा लगभग एक वर्ष से लापता दूसरी बालिका को जनपद सीतापुर से सकुशल बरामद किया गया। दोनों मामलों में उपलब्ध सूचनाओं, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार किए गए प्रयासों के आधार पर बालिकाओं की तलाश की गई। बरामदगी के बाद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया।
उप निरीक्षक निकिता सिंह की यह उपलब्धि महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता तथा संवेदनशील और प्रभावी पुलिसिंग का उल्लेखनीय उदाहरण है।
पुलिस कमिश्नर वाराणसी मोहित अग्रवाल ने अपने हाथों से उप निरीक्षक निकिता सिंह को DGP सिल्वर मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
Clown Times News | वाराणसी