लालपुर थाना क्षेत्र में वृद्ध महिला से हुई चेन लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की देर रात रिंग रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रद्युम्न मल उर्फ प्रतीक (21) निवासी चिउटहा, थाना चिउराताल, गोरखपुर और वेद प्रकाश दुबे उर्फ मोंटी (30) निवासी बुद्ध विहार पार्ट-सी, तारामंडल, थाना रामगढ़ताल, गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे ग्राम रमरेपुर, थाना लालपुर क्षेत्र में एक वृद्ध महिला से पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने चेन लूट ली थी। मामले में थाना लालपुर में मुकदमा अपराध संख्या 205/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को आरोपियों के संबंध में सुराग मिलने के बाद वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे रिंग रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ में प्रद्युम्न मल उर्फ प्रतीक के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए हरहुआ स्थित अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस, 75 हजार रुपये नकद, पिघली हुई पीली धातु और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब बरामद पीली धातु के संबंध में भी जांच कर रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने गाजीपुर, मऊ समेत विभिन्न जनपदों में आपराधिक घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और अन्य घटनाओं में उनकी संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त, वरुणा जोन, कमिश्नरेट वाराणसी