वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान एक लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के रूप में तैनात दो एएआईसीएलएएस (AAICLAS) कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों की हालत सामान्य बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय अपनी 50 वर्षीय पत्नी सुषमा राय के साथ रविवार सुबह मुंबई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल उनके ट्रैवलिंग बैग में रह गई थी। सुरक्षा जांच के दौरान बैग की तलाशी में पिस्टल बरामद हुई। अधिकारियों के अनुसार, हथियार को विमान यात्रा के लिए घोषित किया गया था और निर्धारित प्रक्रिया के तहत पिस्टल व कारतूसों की जांच की जा रही थी।
सुरक्षा जांच के दौरान पिस्टल और उसमें मौजूद कारतूसों की गिनती की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया। गोली चलने से वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया और दो कर्मचारी घायल हो गए।
हादसे में बिहार के गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी सुमन कुमारी घायल हुईं। वह एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के पद पर तैनात हैं। बताया गया कि गोली उनके दोनों पैरों की जांघ में लगी।
वहीं बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के अंबेर, रोहेड़ी रोड निवासी रोहित राज भी घायल हुए। गोली उनके बाएं हाथ के अंगूठे में लगी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने दोनों घायल कर्मचारियों को एंबुलेंस से हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल/ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना के बाद यात्री कमलेश राय की राजनीतिक पृष्ठभूमि की जानकारी भी सामने आई है। बताया गया कि वह वर्ष 1995 में शिवसेना के टिकट पर नगर सेवक रह चुके हैं। बाद में महिला सीट होने पर उनकी पत्नी सुषमा राय भी नगर सेवक चुनी गई थीं।
यह भी जानकारी सामने आई है कि करीब आठ महीने पहले कमलेश राय ने शिवसेना के शिंदे गुट में शामिल हुए थे। हालांकि, इस राजनीतिक पृष्ठभूमि का एयरपोर्ट पर हुई घटना से कोई संबंध है या नहीं, इसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी दी गई। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुरक्षा जांच के दौरान पिस्टल से गोली किन परिस्थितियों में चली और हथियार में फायरिंग की स्थिति कैसे बनी।
एयरपोर्ट पर हथियारों की जांच और सुरक्षा प्रक्रिया से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
फिलहाल दोनों घायल सुरक्षा कर्मियों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
Clown Times TV — सबकी खबर ले, सबको खबर दे।