MENU

वाराणसी के गढ़वा घाट और बनपुरवा स्थित स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह



 16/Aug/26

तिरंगा यात्रा से हुई कार्यक्रम की शुरुआत, एनसीसी की टुकड़ी ने दी राष्ट्रीय ध्वज को सलामी; बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने शिक्षा, संस्कार और सेवा को बताया सच्ची देशभक्ति

वाराणसी। गढ़वा घाट और बनपुरवा, रमना स्थित स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल के परिसर में शनिवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा से हुई। अलग-अलग परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के साथ अनुशासित ढंग से तिरंगा यात्रा निकाली और आसपास के लोगों को आजादी के महत्व के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान आयुष कुमार सोनी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यालय के प्रबंधक एवं मुख्य अतिथि बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों के साथ एनसीसी की टुकड़ी ने परेड करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति प्रस्तुतियां

समारोह में देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर भाषण प्रस्तुत किए। इसके साथ ही सामूहिक देशभक्ति गीतों की मनोहारी प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य चन्द्र शेखर सिंह और डॉ. ए.के. चौबे ने स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा, संस्कार और सेवा को बताया सच्ची देशभक्ति

मुख्य अतिथि बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति नए संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार और सेवा के माध्यम से राष्ट्र को आगे ले जाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने समाज में परोपकार और जरूरतमंदों की मदद को सच्ची देशभक्ति बताते हुए सभी से सहयोग और सेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया।

हर्षिता ने किया संचालन

कार्यक्रम का संचालन हर्षिता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन छात्रावास अधीक्षक लेफ्टिनेंट एम.एस. यादव (सेवानिवृत्त) ने किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8845


सबरंग