वाराणसी। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स हॉस्पिटल कंपोनेंट ब्लड सेंटर के तत्वावधान में 81वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एपेक्स पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के डिप्लोमा छात्र-छात्राओं, फैकल्टी और स्टाफ ने भाग लिया। यह एपेक्स पैरामेडिकल का 8वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर रहा।
एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एसके सिंह, निदेशक डॉ. स्वरूप पटेल एवं डॉ. अंकिता पटेल, ब्लड सेंटर इंचार्ज डॉ. संदीप नौटियाल, ऑर्थो सर्जन डॉ. अमित झा और प्रिंसिपल डॉ. अवनीश सिंह सहित संस्थान के संकाय और छात्र-छात्राओं की मौजूदगी में शिविर का उद्घाटन लेडीज सर्कल की प्रेसीडेंट तनुश्री अग्रवाल और राउंड टेबल के प्रेसीडेंट ऋषि अग्रवाल ने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर एपेक्स की किडनी ट्रांसप्लांट फिजीशियन एवं नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. निवेदिता पंडित ने रक्तदाताओं और वॉलंटियर्स को रक्तदान के महत्व के बारे में बताया और अंगदान के लिए भी प्रेरित किया। जरूरतमंदों की सहायता का संकल्प लेते हुए कुल 110 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
शिविर के समापन पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव गोस्वामी, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सुनील शर्मा और रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गौरी सहित चिकित्सकों ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एसके सिंह ने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचाने के साथ मानवीय संवेदना और देशभक्ति की मिसाल भी पेश करता है। उन्होंने नियमित रक्तदान को स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी बताया।
रक्तदान शिविर का संचालन प्रबंधक राहुल राय के नेतृत्व में किया गया। शिविर के आयोजन में टेक्नीशियन ओंकार सिंह, उमेश, आशीष, विवेक, शीतल, मंगल और विष्णु का विशेष सहयोग रहा।