वाराणसी। एपेक्स सुपर स्पेश्येलिटी हॉस्पिटल एवं पीजीआई, वाराणसी परिसर में एपेक्स समूह के नर्सिंग, फिजियोथेरेपी एवं पैरामेडिकल उच्च चिकित्सीय शिक्षण संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ मनाया गया। समारोह का मुख्य संदेश “विकसित भारत @2047 के लिए युवा शक्ति” रहा।
एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के संरक्षण तथा निदेशक डॉ. स्वरूप पटेल एवं डॉ. अंकिता पटेल के सह-संरक्षण में आयोजित समारोह में आंध्र प्रदेश सरकार के पूर्व प्रमुख सचिव प्रवीण प्रकाश, आकाशवाणी वाराणसी के सहायक निदेशक अशोक पांडेय तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रांत के सह भाग कार्यवाह सौरभ जी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद चिकित्सकों, फैकल्टी, स्टाफ और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को नमन किया।
समारोह में अतिथियों ने स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानियों एवं राष्ट्र निर्माताओं को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल, अनुशासन, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनी ताकत बनाकर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
नर्सिंग, फिजियोथेरेपी और पैरामेडिकल संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की एकता, विविधता और गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि स्वास्थ्य एवं उच्च शिक्षा से जुड़े युवा केवल कुशल प्रोफेशनल ही नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के महत्वपूर्ण संवाहक हैं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण फिजियोथेरेपी कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा गर्भाशय कैंसर से बचाव के लिए स्क्रीनिंग और HPV वैक्सीनेशन पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने कैंसर के प्रति जागरूकता, समय पर स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का संदेश दिया।
एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब युवा पीढ़ी ज्ञान, कौशल, सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल कर समाज और राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान किया।
समारोह का समापन “राष्ट्र प्रथम, सेवा सर्वोपरि और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता” के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में एपेक्स हॉस्पिटल एवं उच्च चिकित्सीय शिक्षण संस्थानों के चिकित्सक, प्राचार्य, फैकल्टी, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।