MENU

मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं एवं बधाईयां दीं



 15/Aug/26

मंडलायुक्त ने कमिश्नरी तथा जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया

वाराणसी। मण्डलायुक्त एस राजलिंगम व जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सभी को बधाइयां एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता में अहम योगदान निभाने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया तथा उनके वीर प्रयासों को उल्लेखित भी किया।

मंडलायुक्त ने कमिश्नरी कम्पाउंड में ध्वजारोहण के उपरांत अपने उद्बोधन में 1947 में देश की स्वतंत्रता में अहम योगदान निभाने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए देशी रियासतों तथा रजवाड़ों को एक करने में सरदार पटेल के योगदान को उल्लेखित किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद के इतनी विविधताओं के बाद सभी लोग अनेकता में एकता को अपनाते हुए भारतीयता को चरितार्थ किया। भारत में अनेकों भाषाएं, संस्कृतियाँ होते हुए भी सभी लोग एक हैं। हमारा संकल्प होना चाहिए कि हम आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को पिरोयें। हम सभी अपनी सांस्कृतिक भावनाओं को सहेजकर अपनी पीढ़ी को भी उससे भिग्य कराएं ताकि भारत का भविष्य उज्जवल हो सके। मंडलायुक्त ने कहा कि हम सभी को पुराने अनुभवों से सीखना होगा, अनुभव से सीखा गया ज्ञान ही हमें आगे ले जाता है, यही हमें भावी पीढ़ी को भी सिखाना होगा। उन्होंने नयी पीढ़ी जिसमें जेन - जेड, अल्फा, बीटा की बात हो रही उसको लेकर बात करते हुए संस्कारों की बात कही। सभी को अपने संस्कारिक मूल्यों को याद रखना होगा तभी हम भविष्य के भारत का निर्माण कर सकते हैं। मंडलायुक्त ने बनारस की जनता की तारीफ करते हुए 1781 के राजा चेत सिंह तथा वारेन हेस्टिंग्स के वाकये को भी सुनाया जिसमें उन्होंने बताया की तत्कालीन संघर्ष में प्रजा ने आगे आकर बढ़चढ़कर लोहा लेते हुए अंग्रेजों को धूल चटाई। अंत में उन्होंने सभी को एक बार पुनः स्वतंत्रता दिवस की बधाईयां देते हुए हर्षोल्लास से राष्ट्रीय पर्व मनाने को प्रेरित किया। मंडलायुक्त ने बच्चों को मिठाइयां व टाफियों का वितरण करके स्वतंत्रता दिवस की बधाईयां दीं।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने राइफल क्लब में ध्वजारोहण करने के उपरांत जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्रम तथा उपहार वितरित करके उनको सम्मानित किया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाईयां देते हुए सभी को राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सचेत व तत्पर रहने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए राष्ट्रीय गौरव, एकता, अखंडता और देशभक्ति का प्रतीक है। यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके अथक प्रयासों से देश को आजादी मिली। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए हम सभी को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने तथा देश और प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने जनपदवासियों से आपसी भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी लोग अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करते हुए स्वच्छ, सुरक्षित, समृद्ध और विकसित समाज के निर्माण में सहभागी बनें। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पुनः सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी द्वारा परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3144


सबरंग