स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है-मंत्री, रविन्द्र जायसवाल
वराणसी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वजों का प्रतिस्थापन कर उन्हें पूरे आन-बान-शान के साथ फहराया। उन्होंने विशेष रूप से पुलिस लाइन, आशापुरा चौराहा तथा पहड़िया स्थित सीआरपीएफ कैंप तथा यू.पी.कॉलेज तथा अंबेडकर चौराहा, कचहरी
पर करीब 100 फीट ऊंचे पोल पर स्थापित 30×20 फीट के विशाल तिरंगे को फहराया। इसके साथ ही मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने सीआरपीएफ परिसर पहाड़ियां में विधायक निधि से 7.825 लाख की लागत 30×20 फीट आकार के 100 फीट ऊंचे पोल पर स्थापित विशाल तिरंगे का फहरा कर उसका लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता, एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे को सम्मान के साथ फहराना प्रत्येक नागरिक का गौरव और जिम्मेदारी है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के प्रमुख स्थानों पर विशाल राष्ट्रीय ध्वज लोगों में राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। आजादी के अमृत काल में हम सभी का दायित्व है कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ ही देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
मंत्री के विभिन्न स्थानों पर पहुंचने के दौरान स्थानीय नागरिकों में भी उत्साह देखने को मिला। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाने का आह्वान किया।
विशाल तिरंगे के फहराए जाने के साथ ही वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया। विशेष रूप से यू.पी.कॉलेज, पुलिस लाइन, आशापुरा चौराहा, सीआरपीएफ कैंप पहड़िया और अंबेडकर चौराहा कचहरी में स्थापित 100 फीट ऊंचे तिरंगे शहर की पहचान और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक के रूप में लोगों का ध्यान आकर्षित करते हैं। इन स्थानों पर ध्वजों के प्रतिस्थापन के बाद स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे की भव्यता और बढ़ गई।
इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय पार्षदों के अलावा भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। विशाल राष्ट्रीय ध्वजों के फहराए जाने के साथ ही शहर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और देशभक्ति का माहौल और अधिक जीवंत हो गया।अंबेडकर चौराहा पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने से पूर्व उन्होंने अंबेडकर पार्क में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर शीष नवाकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।