MENU

वाराणसी में 9.50 लाख बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की गोली, 18 अगस्त को होगा मॉप-अप राउंड



 15/Aug/26

सीएमओ डॉ. एन.पी. सिंह ने GGIC मलदहिया में बालिकाओं को दवा खिलाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का किया शुभारंभ

वाराणसी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC), मलदहिया में जनपद स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने बालिकाओं को अपने सामने एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान सिद्धि मौर्या, अंजलि विश्वकर्मा, सना सानिया, ज़रा समेत अन्य छात्राओं को दवा खिलाई गई। विद्यालय में उपस्थित अन्य बालिकाओं को भी एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई।

करीब 9.50 लाख बच्चों को दी गई दवा

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. संजय राय ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत वाराणसी में करीब 9 लाख 50 हजार बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। अभियान में विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को भी शामिल किया गया है। विद्यालय नहीं जाने वाले बच्चों तथा ईंट-भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों के बच्चों तक भी अभियान का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और किशोर-किशोरियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कृमिनाशक दवा दी जाती है। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य संबंधित कर्मचारियों के सहयोग से अभियान संचालित किया जा रहा है।

कृमि संक्रमण से स्वास्थ्य और पढ़ाई पर पड़ता है असर

सीएमओ डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि बच्चों में कृमि संक्रमण का उनके स्वास्थ्य और पोषण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इससे कमजोरी, कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं तथा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी असर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि नियमित कृमि मुक्ति अभियान बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार, एनीमिया नियंत्रण में सहायता तथा उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता और सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने में सहायक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा अवश्य दिलाएं।

18 अगस्त को छूटे बच्चों के लिए मॉप-अप राउंड

डॉ. संजय राय ने बताया कि 14 अगस्त को किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह गए बच्चों के लिए 18 अगस्त को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य अभियान से छूटे बच्चों को भी एल्बेंडाजोल की खुराक उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव का लाभ मिल सके।

स्वच्छता अपनाने की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की। बच्चों को भोजन से पहले और शौचालय के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत विकसित कराने तथा निर्धारित कृमि मुक्ति कार्यक्रम में उन्हें शामिल कराने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. संजय राय, विद्यालय की प्राचार्य निशा यादव, सहायक अध्यापक पूनम चौधरी, अर्चना सिंह एवं सुनैना चंदेल, डीसीपीएम रमेश प्रसाद वर्मा, डॉ. साक्षी सिंह, जिला समन्वयक मनीष सिंह सहित स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2723


सबरंग