MENU

वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. एस.सी. भारद्वाज गोलोकवासी, नेत्रदान से दिया मानवता का अमर संदेश



 14/Aug/26

वाराणसी के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित दंत चिकित्सक डॉ. सुधीर चंद भारद्वाज (डॉ. एस.सी. भारद्वाज) का 13 अगस्त 2026 को गोलोकवास हो गया। उनका जन्म 1 जनवरी 1948 को हुआ था। उनके निधन से चिकित्सा जगत, सामाजिक क्षेत्र तथा उनके असंख्य मरीजों और शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है।

आईएमए वाराणसी के अध्यक्ष एवं लायंस आई बैंक के सचिव डॉ. अनुराग टंडन ने बताया कि डॉ. भारद्वाज के निधन के उपरांत उनके पुत्र डॉ. समीर भारद्वाज की सहमति से उनका नेत्रदान सम्पन्न कराया गया। इस पुण्य कार्य में नेत्रबैंक मित्र डॉ. अरुण कुमार गुप्ता का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। डॉ. समीर भारद्वाज ने ही अपने पिता को मुखाग्नि प्रदान की।

डॉ. एस.सी. भारद्वाज ने वर्षों तक कबीरचौरा अस्पताल, वाराणसी में दंत चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं दीं। वे अपनी सरलता, सेवा भावना, विनम्र व्यवहार और मरीजों के प्रति समर्पण के लिए अत्यंत सम्मानित थे। चिकित्सा सेवा को उन्होंने केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम माना।

उनके निधन का समाचार मिलते ही उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लग गया। चिकित्सा, सामाजिक और पत्रकारिता जगत से जुड़े अनेक लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी. बी. सिंह ने उनके आवास पर पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि डॉ. भारद्वाज ने अपने जीवन में चिकित्सा सेवा को मानवीय संवेदनाओं से जोड़ा तथा उनका व्यक्तित्व सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

इसी क्रम में क्लाउन टाइम्स के प्रधान संपादक एवं वाराणसी प्रेस क्लब के महामंत्री अशोक मिश्र “क्लाउन” ने भी उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि डॉ. एस.सी. भारद्वाज का जीवन सेवा, सादगी और मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण था। उनका नेत्रदान समाज को यह संदेश देता है कि मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में प्रकाश पहुंचाया जा सकता है।

लायंस आई बैंक के निदेशक डॉ. अभिषेक चंद्रा ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. भारद्वाज का नेत्रदान समाज के लिए एक प्रेरणादायी एवं सकारात्मक संदेश है। किसी दिवंगत व्यक्ति की आंखों से दो लोगों के जीवन में रोशनी पहुंच सकती है, इससे बड़ा मानव सेवा का कार्य बहुत कम होता है।

डॉ. भारद्वाज के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सहज उपलब्धता और मरीजों के प्रति आत्मीयता थी। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के उपचार में वे विशेष रुचि लेते थे। उनके सहयोग और स्नेह को याद कर अनेक लोगों की आंखें नम हो गईं।

### क्लाउन टाइम्स परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि

क्लाउन टाइम्स परिवार वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. एस.सी. भारद्वाज को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है। चिकित्सा क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका नेत्रदान मानवता, करुणा, सेवा और सामाजिक जागरूकता का अनुकरणीय उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों को दान और सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

ॐ शांति।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2644


सबरंग