वाराणसी। कोतवाली पुलिस ने दुकान से चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन चोरी के आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मखाना, काजू, लौंग, किशमिश, इलायची, जावित्री और गरी पाउडर समेत बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, अपराध और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 10 अगस्त 2026 को कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 201/2026 की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर मच्छोदरी पार्क से आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर सिगरा स्थित शम्भू नाथ केशरी के गोदाम से चोरी का सामान बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अजय कुमार शर्मा की दुकान से सामान चोरी करते थे। चोरी का माल रवि जायसवाल को दिया जाता था, जिसे पिकअप में लादकर अभिजीत कुमार सिगरा स्थित गोदाम तक पहुंचाता था। वहां चोरी का सामान शम्भू नाथ केशरी को बेचा जाता था। सामान की बिक्री से मिलने वाली रकम को तीनों आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने मामले में विशाल खरवार (22), अभिजीत कुमार (22), रवि जायसवाल (18) और चोरी का सामान खरीदने के आरोपी शम्भू नाथ केशरी (45) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी चंदौली और वाराणसी के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान में—
तीन बोरियों में कुल 22.257 किलोग्राम मखाना
चार सीलबंद बाल्टियों में 42.800 किलोग्राम काजू
लौंग के कई कार्टून
करीब 21 किलोग्राम किशमिश
गरी पाउडर
नारियल पाउडर
करीब 1 किलोग्राम छोटी इलायची
1.470 किलोग्राम जावित्री
करीब 3.400 किलोग्राम बड़ी इलायची
अन्य पैकेटबंद खाद्य सामग्री
शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक राहुल गुप्ता, कांस्टेबल विकेश कुमार, कांस्टेबल अखिलेश कुमार और महिला कांस्टेबल मधु मिश्रा की पुलिस टीम ने की।