16 जिलों में निकलेगी यात्रा; 13 अगस्त को होगा भव्य आयोजन
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक जन-अभियान का रूप देने के उद्देश्य से भाजपा काशी क्षेत्र में सोमवार, 10 अगस्त से तिरंगा यात्रा अभियान शुरू हो गया। काशी क्षेत्र के वाराणसी जिला एवं महानगर समेत सभी 16 जिलों में मंडल और वार्ड स्तर पर 1 से 2 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्राएं 10 से 12 अगस्त तक निकाली जाएंगी। इसके बाद 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के वातावरण को मजबूत करना है।
अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में शहीदों की स्मृति और प्रत्येक नागरिक को देश के गौरव से जोड़ने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आह्वान किया था। आज यह अभियान व्यापक जनभागीदारी का रूप ले चुका है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में उत्तर प्रदेश के वीरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मंगल पांडेय, तात्या टोपे, रानी लक्ष्मीबाई, बिजली पासी, ऊदा देवी, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान और चंद्रशेखर आजाद जैसे स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना योगदान दिया। तिरंगा उनके बलिदान और देश के गौरव का प्रतीक है।
तिरंगा यात्रा अभियान में भारतीय जनता युवा मोर्चा की अग्रणी भूमिका रहेगी। इसके साथ ही महिला मोर्चा सहित भाजपा के सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ सक्रिय रूप से अभियान में सहभागिता करेंगे।
भाजपा काशी क्षेत्र के अनुसार, 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सभी जिलों में बैनर और प्ले-कार्ड के साथ मौन जुलूस निकाला जाएगा। इसके अलावा जिला स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
विभाजन से जुड़े संस्मरणों और घटनाओं के माध्यम से नई पीढ़ी को वर्ष 1947 के विभाजन की ऐतिहासिक पीड़ा से परिचित कराया जाएगा। कार्यक्रमों के जरिए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि तिरंगा यात्रा अभियान के सफल संचालन और निगरानी के लिए क्षेत्र स्तर पर समिति गठित की गई है। नागेश्वर देव पांडेय को संयोजक बनाया गया है। शैलेंद्र मौर्य, नम्रता चौरसिया, अजीत रावत और देवेंद्र मौर्य को सहसंयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
यह समिति प्रतिदिन अभियान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी लेकर काशी क्षेत्र के सभी 16 जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग करेगी।
बैठक में राकेश शर्मा, डॉ. सुदामा पटेल, राजेश राजभर, नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, डॉ. उत्तम ओझा, सुरेश सिंह, अमित राय, विपिन पाठक, श्रीप्रकाश शुक्ला, पीयूष वर्धन सिंह, शैलेंद्र मिश्रा, सुरेंद्र पटेल, संजीव चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।