वाराणसी, 9 अगस्त 2026 | भेलूपुर थाना पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से करोड़ों रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी करने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने जमीन के फर्जी दस्तावेज दिखाकर लगभग 16 करोड़ 62 लाख 49 हजार रुपये की धोखाधड़ी की।
पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराध नियंत्रण, वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान डा. अमित कुमार सिंह यादव (54 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय झगरू राम यादव, निवासी बी-147 न्यू नारायण नगर, रविंद्रपल्ली, इंदिरानगर, थाना गाजीपुर, जिला लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 9 अगस्त 2026 को दोपहर लगभग 1:15 बजे कोलकाता स्थित लिटन होटल (14 एवं 14/1 सदर स्ट्रीट, कोलकाता) से नियमानुसार हिरासत में लिया।
इस संबंध में थाना भेलूपुर में मुकदमा संख्या 0485/2025 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 एवं 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या है मामला ?
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विपक्षीगण ने जमीन से संबंधित फर्जी और कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर धोखाधड़ीपूर्वक 16,62,49,000 रुपये हड़प लिए। जब रकम वापस मांगी गई तो गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
गिरफ्तार करने वाली टीम
* प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, थाना भेलूपुर
* उपनिरीक्षक नवीन कुमार चतुर्वेदी, चौकी प्रभारी अस्सी
* कांस्टेबल अश्वनी, सर्विलांस सेल
* कांस्टेबल विराट सिंह, साइबर सेल
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य तथ्यों की जांच जारी है।