MENU

वाराणसी में लूट की घटनाओं का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; तीन बाइक और लूटा गया सामान बरामद



 10/Aug/26

बड़ागांव पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई, लूट की कई वारदातों से जुड़े होने का पुलिस का दावा

 वाराणसी के गोमती जोन में बड़ागांव पुलिस ने राहगीरों को रोककर लूट करने वाले एक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट से संबंधित बैग, पर्स, महत्वपूर्ण दस्तावेज और एक रियलमी नारजो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। घटनाओं में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य पटेल (19) निवासी भगवानपुर खुटहना बसनी, थाना बड़ागांव और अंकित पटेल (22) निवासी रतनपुर, थाना बड़ागांव के रूप में हुई है।

हथिवार-अहरक मार्ग पर राहगीर से लूट

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की रात हथिवार चौराहे से अहरक जाने वाले मार्ग पर निवाह और नहर पुलिया के बीच बाइक सवार बदमाशों ने अखिलेश कुमार विश्वकर्मा को रोककर उनका बैग, मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए थे।

मामले में बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की।

लेखपाल से भी लूटा गया था बैग

इसके बाद 6 अगस्त 2026 की रात अनेई रोड स्थित साधोगंज बाजार के पास बाइक सवार बदमाशों ने लेखपाल योगेश कुमार को रोककर उनका बैग लूट लिया था। बैग में राजस्व संबंधी दस्तावेज, जनगणना निर्देश पुस्तिका, एसबीआई पासबुक, एनपीएस कार्ड, स्टाम्प मुहर और अन्य महत्वपूर्ण कागजात थे।

इस मामले में भी बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

लूट की योजना बनाते समय पुलिस ने दबोचा

पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त को कुड़ी इटहा स्थित वन विभाग की जमीन के पास कुछ लोगों द्वारा दोबारा लूट की योजना बनाए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पीछा करने के बाद आदित्य पटेल और अंकित पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट से संबंधित सामान बरामद किया। बरामद एक पर्स का संबंध फूलपुर थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य लूट के मुकदमे से भी पाया गया।

नंबर प्लेट ढककर करते थे वारदात

पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर 3-4 लोगों के समूह में अलग-अलग मोटरसाइकिलों से निकलते थे। पहचान छिपाने के लिए मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट को कीचड़ या काली पट्टी से ढक दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का एक सदस्य पहले रास्ते की रेकी करता था। सुनसान स्थान देखकर राहगीरों को रोककर डराया-धमकाया जाता और इसके बाद बैग, रुपये, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान लूट लिया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 21 जुलाई की वारदात में लूटे गए 20 हजार रुपये को आपस में बांटने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के हिस्से में आए रुपये खर्च हो चुके थे, इसलिए नकदी बरामद नहीं हो सकी। हालांकि, उसी घटना से संबंधित रियलमी नारजो मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

कई घटनाओं में शामिल होने का पुलिस का दावा

पूछताछ में अंकित पटेल ने कथित तौर पर 6 अगस्त की लूट के अलावा 3 अगस्त की रात अनेई मार्ग पर ग्राम बरजी के पास एक बाइक सवार से मोबाइल फोन, 4,500 रुपये और पर्स लूटने की घटना में शामिल होने की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, लूटे गए रुपये आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे, जबकि मोबाइल फोन को बेचने के लिए एक साथी को दे दिया गया था। बरामद दस्तावेजों को अनुपयोगी मानकर झाड़ियों में फेंकने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से:

  • लूटा गया बैग और महत्वपूर्ण दस्तावेज

  • जनगणना 2027 की निर्देशिका पुस्तिकाएं

  • ग्राम का नक्शा

  • एनपीएस कार्ड और निर्वाचन कार्ड

  • एसबीआई बैंक पासबुक

  • मापनी और लेखपाल की स्टाम्प मुहर

  • लूटा गया पर्स और दस्तावेज

  • रियलमी नारजो मोबाइल फोन

  • पैन कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस

  • वारदात में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिलें

बरामद की गई हैं।

इन मामलों में दर्ज है मुकदमा

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ बड़ागांव थाने में मु0अ0सं0 315/2026 और मु0अ0सं0 287/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा फूलपुर थाने में दर्ज मु0अ0सं0 245/2026 से भी बरामद सामान का संबंध पाया गया है।

कार्रवाई में बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह, व0उ0नि0 कौशलेन्द्र धर दूबे, चौकी प्रभारी साधोगंज गोल्डी, उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव, अमन यादव और रंजीत कुमार सहित पुलिस टीम और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1497


सबरंग